इस्माइलपुर के पास कार और बाइक में भीषण टक्कर, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई

चिड़ावा: चिड़ावा-मंड्रेला रोड पर इस्माइलपुर गांव के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बाइक सवार युवक शिवम पुत्र वेद प्रकाश उम्र 19 वर्ष निवासी नरहड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सीधे सड़क से उतरकर एक पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुडानिया की तरफ से चिड़ावा आ रही एक कार जैसे ही इस्माइलपुर के पास पहुंची, उसी समय नरहड़ से सामने से आ रही बाइक ने सामने से आकर टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी।

कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक बंटी नुनिया और ईएमटी अंकित निर्मल ने घायल युवक को तुरंत चिड़ावा उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉ. मनोज जानू ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे झुंझुनू रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायल को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसे निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया और मामले की जांच शुरू की गई है। हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!