दिलीप हत्याकांड की सफल जांच पर चिड़ावा पुलिस का कुम्हार कुमावत महासभा ने किया सम्मान, थाना प्रभारी आसाराम गुर्जर सहित पूरी टीम को किया गया सम्मानित

चिड़ावा: नगर में चर्चित ब्लाइंड मर्डर दिलीप हत्याकांड की गहराई से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने वाली चिड़ावा पुलिस की कार्यकुशलता को देखते हुए कुम्हार कुमावत महासभा की ओर से थाना परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन में थाना प्रभारी आसाराम गुर्जर के साथ-साथ इस मामले की जांच में योगदान देने वाले पुलिस स्टाफ को माल्यार्पण, साफा पहनाकर और दक्ष प्रजापति की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

समाज के प्रतिनिधियों ने अपने वक्तव्य में कहा कि पुलिस ने इस गम्भीर हत्याकांड की जांच जिस तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ की, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस कार्य से पुलिस पर आमजन का विश्वास और भी मजबूत हुआ है। इस दौरान थाना प्रभारी आसाराम गुर्जर ने कहा कि पुलिस सदैव जनता के विश्वास की रक्षा के लिए कार्य करती है और इस मामले में भी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए न्यायिक प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

हत्याकांड की जांच में झुंझुनूं साइबर सेल से जितेंद्र थाकन, चिड़ावा थाना से अमित सिहाग और डीवाईएसपी कार्यालय से श्रवण कुमार का विशेष योगदान रहा, जिन्हें भी समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत दिलीप के परिजन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

हत्या की साज़िश को आरोपी द्वारा बहुत बारीकी से अंजाम दिया गया था। सूत्रों के अनुसार हत्यारे ने हत्या की रात अपने गांव से निकलने से पहले अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था ताकि उसकी लोकेशन की जानकारी ना मिल सके।

सम्मान समारोह में कुमावत महासभा के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कुमावत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश जलिन्द्रा, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, सीताराम वर्मा, राधेश्याम ऑपरेटर, फूलचंद वर्मा सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे। आयोजन का संचालन महेंद्र वर्मा ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!