अमरसिंहपुरा के रोबिन सिंह शेखावत बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी से पूरी की ट्रेंनिंग

सूरजगढ़, 15 जून 2025: उपखंड के गांव अमरसिंहपुरा के रहने वाले रोबिन सिंह शेखावत ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर गांव, क्षेत्र और जिले का नाम गौरव से ऊंचा किया है। उन्होंने देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी से कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर हाल ही में आयोजित पासिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्ति पाई।

Advertisement's
Advertisement’s

रोबिन की यह उपलब्धि उनके परिवार और गांव के लिए अत्यंत गौरव की बात है। उनके दादा भीम सिंह शेखावत और पिता मैनपाल सिंह शेखावत दोनों ही सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार की इसी सैन्य पृष्ठभूमि से प्रेरित होकर रोबिन ने सेना में जाने का लक्ष्य तय किया और निरंतर मेहनत कर उसे साकार किया।

रोबिन ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली और देहरादून से पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा में उत्तीर्ण होकर ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई में प्रवेश पाया। वहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून भेजा गया, जहां से उन्होंने अंतिम चरण का प्रशिक्षण सफलता से पूरा किया।

अपनी सफलता पर रोबिन ने कहा कि यह उपलब्धि उनके परिवार, शिक्षकों और दोस्तों के सहयोग से संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि शुरू से ही उनका सपना देश की सेवा करना था और अब उस सपने को साकार करने का अवसर मिला है। वे आने वाले समय में देश और समाज के लिए और भी समर्पण भाव से कार्य करना चाहते हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

रोबिन की इस कामयाबी पर गांव में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और युवाओं ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि रोबिन का यह सफर क्षेत्र के कई युवाओं को सैन्य सेवा के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!