केदारनाथ जा रहा हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर उतरा, पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

केदारनाथ, उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के बडासू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब केदारनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते सड़क पर आपात लैंडिंग करने को मजबूर हुआ। यह घटना उस समय हुई जब हेलिकॉप्टर ने बड़ासू हेलीपैड से उड़ान भरते ही कुछ दूरी पर तकनीकी गड़बड़ी का संकेत दिया।

Advertisement's

पायलट की तत्परता ने बचाई जान

क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का यह हेलिकॉप्टर सिरसी से केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहा था। हेलिकॉप्टर में पायलट, सह पायलट सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 5 यात्री शामिल थे। उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों में पायलट ने तकनीकी समस्या को भांप लिया और सूझबूझ दिखाते हुए बडासू क्षेत्र के समीप सड़क पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस आपात लैंडिंग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि सह पायलट को हल्की चोटें आने की सूचना है।

प्रशासन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। यात्रियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। सीईओ यूकाडा (उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण) सोनिका ने जानकारी देते हुए बताया कि हेलिकॉप्टर की यह लैंडिंग एहतियातन की गई थी और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

डीजीसीए को भेजी गई रिपोर्ट

हादसे की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भेज दी गई है और तकनीकी जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। सीईओ सोनिका ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य सभी हेली सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं और शटल ऑपरेशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रहे हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

पिछले माह भी हुई थीं दो बड़ी घटनाएं

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब बीते एक महीने में उत्तराखंड के चारधाम यात्रा मार्गों पर दो हेलिकॉप्टर हादसे हो चुके हैं:

8 मई 2025 – गंगोत्री धाम हादसा:

गंगनानी क्षेत्र में गंगोत्री धाम की ओर जा रहा एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पांच महिलाएं समेत छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस दुर्घटना में हेलिकॉप्टर दो हिस्सों में टूट गया था और दो शव हेलिकॉप्टर में फंसे रह गए थे, जिन्हें निकालने के लिए हेलिकॉप्टर के हिस्से काटने पड़े थे। रेस्क्यू टीम को 200 मीटर गहरी खाई में अभियान चलाना पड़ा था। एक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ था।

मई 2025 – केदारनाथ हेली एम्बुलेंस दुर्घटना:

पिछले महीने ऋषिकेश एम्स की हेली एम्बुलेंस भी केदारनाथ लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हालांकि उस दुर्घटना में जानमाल की हानि नहीं हुई थी, लेकिन हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!