झुंझुनूं में पुलिसकर्मियों पर युवती से मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप, जवाब में राजकार्य में बाधा का केस दर्ज

झुंझुनूं, 3 जून 2025: जिले के बबाई थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा दो पुलिसकर्मियों पर मारपीट, अश्लील हरकतें करने और जबरन बंधक बनाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पुलिस की ओर से भी युवती और उसके सहयोगियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है और दोनों पक्षों की ओर से भिन्न-भिन्न घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

थाना प्रभारी कस्तूर वर्मा के अनुसार, युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी, जिसके बाद हेड कांस्टेबल पप्पूराम और कांस्टेबल भीमसिंह जांच के लिए निकले। उनके साथ युवती का कजिन भाई भी निजी वाहन से तलाश में गया। जांच के दौरान किशोरपुरा निवासी लोकेश सैनी के साथियों प्रमोद और अंकित को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि युवती को कमलेश सैनी के साथ होटल माउंटेन में छोड़ा गया था। जब पुलिस होटल पहुंची तो वहां युवती और कमलेश दोनों मौजूद मिले। उन्हें उनके कजिन भाई के साथ थाने आने को कहा गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि जैसे ही पप्पूराम और भीमसिंह होटल से बाहर आए, तभी बबाई निवासी सुरेश सैनी, किशोरपुरा निवासी कैलाश सैनी, रामस्वरूप सैनी, रूड़मल सैनी और अन्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने कमलेश सैनी के बारे में पूछताछ शुरू की। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने हेड कांस्टेबल पप्पूराम के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जबरन शराब की बोतल पकड़ाकर वीडियो बनाया। लोकेश, प्रमोद और अंकित ने भी मारपीट की। इसी दौरान आशिष ने जबरन मूल दस्तावेज छीन लिए और सभी मिलकर पप्पूराम को जबरन किशोरपुरा ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया गया।

जानकारी मिलने पर एएसआई बाबूलाल और एएसआई भोमाराम गुढ़ा थाने से जाप्ते के साथ पहुंचे और पप्पूराम को एक पहाड़ी से मुक्त कराकर उदयपुरवाटी थाने लाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।

Advertisement's
Advertisement’s

वहीं, युवती ने थाने पहुंचकर अलग ही बयान दर्ज करवाया है। उसके अनुसार, वह अपने पति कमलेश सैनी के साथ होटल माउंटेन में रुकी हुई थी। 30 मई की सुबह लगभग आठ बजे हेड कांस्टेबल पप्पूराम, कांस्टेबल भींवाराम, सिरोही निवासी मनीष जाट, हरड़िया निवासी देवीलाल, बाघोली निवासी विकास और अन्य सात-आठ लोग वहां पहुंचे। उसने आरोप लगाया कि उन लोगों ने शराब के नशे में उनके साथ जानलेवा हमला किया, मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और अश्लील हरकतें कीं। उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे जबरन बाघोली स्थित रिश्तेदार के घर छोड़ा गया, जबकि उसके पति कमलेश को सराय स्थित शराब ठेके पर ले जाकर पीटा गया।

इस पूरे मामले में दोनों पक्षों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एक ओर जहां पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान उनके साथ मारपीट कर बंधक बनाया गया और राजकीय दस्तावेज छीने गए। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!