सीकर: जिले के नीमकाथाना क्षेत्र के चला गांव में 31 मई की शाम को एक दर्दनाक हादसे में ईंट-भट्टा संचालक की जान चली गई। सड़क पार कर रहे 62 वर्षीय सुभाष जोशी को तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे करीब 12 फीट हवा में उछल गए और सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement's

पुलिस के अनुसार हादसा चला से चौकड़ी की ओर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर हुआ। सुभाष जोशी शाम को दूध लेने के लिए सड़क पार कर अपने सामने वाले मकान की ओर गए थे। लौटते समय जैसे ही उन्होंने सड़क पार करनी शुरू की, तभी बोलेरो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो ओवरटेक करते हुए आई थी और सड़क किनारे चल रहे सुभाष को सीधे टक्कर मार गई। हादसे का पूरा दृश्य बोलेरो से कुछ आगे चल रही एक कार के रियर कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो घटना के कुछ दिन बाद सार्वजनिक हुआ।

दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक ने वाहन को एक पल के लिए धीमा किया, लेकिन तुरंत बिना रुके मौके से फरार हो गया। सदर थाना प्रभारी राजेश डूडी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सुभाष को नीमकाथाना के कपिल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।

इस संबंध में मृतक के पुत्र ने वाहन चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने बोलेरो वाहन की पहचान कर ली है। चालक की पहचान पंकज (35) पुत्र सुभाष के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Advertisement's
Advertisement’s

इस दुर्घटना ने गांव और आसपास के इलाकों में गहरा दुख और आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!