जमीनी विवाद में महिला की हत्या के मामले में तीसरी गिरफ्तारी, चिड़ावा से पकड़ा गया आरोपी

सूरजगढ़, 2 मई 2025: स्यालू खुर्द गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद के चलते महिला संतोष की हुई हत्या के मामले में सूरजगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दाताराम को चिड़ावा के सूरजगढ़ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान स्यालू खुर्द निवासी 69 वर्षीय दाताराम पुत्र सरदाराराम के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल उससे गहन पूछताछ कर रही है।

Advertisement's
Advertisement’s

इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों, महेन्द्र सिंह भालोठिया और उसकी पत्नी सुशीला को गिरफ्तार कर चुकी है। हत्या की वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

मामले की शुरुआत 28 अप्रैल को हुई थी, जब स्यालू खुर्द निवासी निहालसिंह (61 वर्ष) ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया था कि घटना वाले दिन सुबह करीब 10:10 बजे वह अपने घर के आंगन में बैठे थे। उसी समय सज्जन कुमार और एक अन्य व्यक्ति, जिनसे उन्होंने अपनी जमीन बेची थी, उनसे मिलने आए। उसी दौरान उनका भाई महेन्द्र सिंह, महेन्द्र की पत्नी सुशीला, पुत्र पवन कुमार, दूसरा भाई दाताराम और उसकी पत्नी इंद्रा, लाठी, सरिए और धारदार हथियारों के साथ वहां पहुंचे। रिपोर्ट के अनुसार, महेन्द्र सिंह अपनी सर्विस रिवाल्वर भी साथ लाया था। सभी ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।

Advertisement's
Advertisement’s

इस हमले में निहालसिंह की पत्नी संतोष को सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि निहालसिंह स्वयं भी घायल हुए। घटना के बाद घायल संतोष को इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। निहालसिंह ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इस हमले में महेन्द्र सिंह के छोटे बेटे अंकित, अंकित की पत्नी निधि और बड़ी पुत्रवधू कृष्णा भी शामिल थे। महेन्द्र सिंह हाथ में पिस्टल लेकर धमकी दे रहा था और मारपीट में भाग ले रहा था।

पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!