गाजीपुर: क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की अटकलें! पिता तूफानी सरोज ने तोड़ी चुप्पी

गाजीपुर, उत्तर प्रदेश: मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज और गाजियाबाद के जाने-माने क्रिकेटर रिंकू सिंह के विवाह प्रस्ताव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दोनों परिवारों के बीच बातचीत प्रारंभ हो चुकी है, हालांकि अभी सगाई या किसी अन्य रस्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पिता तूफानी सरोज ने दी जानकारी

सांसद प्रिया सरोज के पिता और केराकत के सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि यह बातचीत अभी प्रारंभिक चरण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक सगाई या किसी अन्य औपचारिक कार्यक्रम की योजना नहीं बनी है। तूफानी सरोज ने कहा, “रिंकू सिंह के परिवार ने प्रिया से विवाह की इच्छा व्यक्त की थी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई। जैसे ही कोई ठोस निर्णय होगा, हम जनता और मीडिया को जानकारी देंगे।”

त्रिवेंद्रम में बैठक में व्यस्त हैं प्रिया सरोज

इस समय सांसद प्रिया सरोज त्रिवेंद्रम में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग ले रही हैं। पिता तूफानी सरोज ने यह भी बताया कि उनकी बेटी के जीवनसाथी को लेकर जो भी निर्णय होगा, उसकी जानकारी सभी को समय पर दी जाएगी।

Advertisement's
Advertisement’s

राजनीतिक पृष्ठभूमि से हैं प्रिया सरोज

26 वर्षीय प्रिया सरोज का राजनीतिक जीवन बेहद प्रभावशाली रहा है। वे पूर्व सांसद और वर्तमान केराकत विधायक तूफानी सरोज की पुत्री हैं। मूल रूप से वाराणसी के पिंडरा तहसील के करखियांव गांव से संबंध रखने वाली प्रिया ने नोएडा से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सांसद बीपी सरोज को पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की थी।

युवावस्था से राजनीति में सक्रिय

प्रिया सरोज मात्र 18 वर्ष की आयु से समाजवादी पार्टी की सक्रिय सदस्य रही हैं। उन्होंने पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने पिता के साथ राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। अब सांसद बनने के बाद वे अपने जीवन की दूसरी पारी में प्रवेश करने की तैयारी कर रही हैं।

तूफानी सरोज की राजनीतिक विरासत

तूफानी सरोज ने परिसीमन के बाद आरक्षित मछलीशहर संसदीय क्षेत्र से पहले सांसद बनने का गौरव प्राप्त किया था। इसके पहले वे सैदपुर संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद चुने गए थे। उनकी पुत्री प्रिया सरोज ने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए मछलीशहर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की।

रिंकू सिंह की खेल उपलब्धियां

क्रिकेटर रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के लिए खेलते हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रिंकू सिंह ने कई महत्वपूर्ण मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!