राहुल गांधी के हाथ में फिर से संविधान, केंद्र सरकार पर साधेंगे निशाना

पटना, बिहार: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बिहार की राजधानी पटना में आगमन प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रहा है। पांच घंटे की इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इनमें बापू सभागार में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन प्रमुख है, जहां वह मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। यह कार्यक्रम सिविल सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया है। इसके बाद वह कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम जाएंगे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की बेहतर सफलता के लिए प्रेरित करेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

राहुल गांधी के आगमन को लेकर सदाकत आश्रम में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनका राज्य में आना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह राजद अध्यक्ष लालू यादव और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात करेंगे। तेजस्वी यादव ने हाल ही में कहा था कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव तक सीमित था, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

गैर-राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे

राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट से सीधे बापू सभागार पहुंचेंगे। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक है। सदाकत आश्रम में उनके आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहर में उनके स्वागत में कई स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें एसपीजी कमांडो और पटना पुलिस के अधिकारी शामिल हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि राहुल गांधी को सुनने के लिए राज्यभर से कांग्रेस कार्यकर्ता सदाकत आश्रम में जुटेंगे।

कांग्रेस के लिए दौरा महत्वपूर्ण

कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने बताया कि राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए अभी से जुट जाने को कहेंगे। उनका दौरा पार्टी के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगा। 2025 के चुनाव से पहले उनका बिहार दौरा कांग्रेस की रणनीतिक तैयारी को गति देगा। कांग्रेस का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन प्रभावी रहेगा।

राजीव गांधी सभागार का उद्घाटन

राहुल गांधी इस दौरे के दौरान सदाकत आश्रम में नवनिर्मित राजीव गांधी सभागार का उद्घाटन करेंगे। यह सभागार आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यहां एक साथ 1000 से अधिक कार्यकर्ता किसी भी कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे। भविष्य में कांग्रेस के सभी प्रमुख कार्यक्रम यहीं आयोजित किए जाएंगे।

इंदिरा कर्मचारी आवास का लोकार्पण

इसके साथ ही राहुल गांधी इंदिरा कर्मचारी आवास का भी उद्घाटन करेंगे। सदाकत आश्रम परिसर में निर्मित इस आवासीय सुविधा में कांग्रेस मुख्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वन बीएचके के आठ फ्लैट बनाए गए हैं। इन फ्लैट्स में कर्मचारियों के आरामदायक आवास की व्यवस्था की गई है।

पोस्टर विवाद पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी

राहुल गांधी के दौरे से पहले पटना में पोस्टर विवाद भी सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहरभर में उनके स्वागत के लिए कई पोस्टर लगाए थे, जिन्हें प्रशासन ने अवैध बताते हुए हटा दिया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टर लगाने के लिए उचित अनुमति नहीं ली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!