अलग ग्राम पंचायत गठन की मांग को लेकर बिजौली में तीन गांवों के ग्रामीणों की बैठक आयोजित

पिलानी: निकटवर्ती गांव बिजौली में नई ग्राम पंचायत बनाने की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बिजौली, बास बिजौली और अमरसिंहपुरा गांवों को मिलाकर अलग ग्राम पंचायत के गठन की मांग ग्रामीणों द्वारा जोर-शोर से उठाई गई। यह बैठक गांव के सार्वजनिक चौक में हुई, जिसकी अध्यक्षता डी.ओ सतवीर धत्तरवाल ने की।

बैठक में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से रामेश्वर, रणधीर सिंह एडवोकेट, नत्थू सिंह डीलर, सूबेदार बलबीर सिंह, विजय सिंह पीटीआई, इंद्र सिंह और चंदगीराम गोठड़िया शामिल थे। सभी ने सामूहिक रूप से नई ग्राम पंचायत के गठन को समय की आवश्यकता बताया।

गांवों के एकीकृत विकास के लिए पंचायत निर्माण को जरूरी बताते हुए जितेश ने जानकारी दी कि बैठक में उपस्थित लोगों ने भविष्य की रणनीति पर गहन चर्चा की। इसमें संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने और जनप्रतिनिधियों से बातचीत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि तीनों गांवों की जनसंख्या और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अलग ग्राम पंचायत का गठन जरूरी है, ताकि विकास कार्यों में तेजी आ सके।

ग्रामीणों ने एक स्वर में जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से नई ग्राम पंचायत गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की अपील की। बैठक में तय हुआ कि इसके लिए आगामी दिनों में बड़े स्तर पर जन आंदोलन किया जाएगा।

नई ग्राम पंचायत बनने से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी, जिसमें सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और महिला सशक्तिकरण के अवसर बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!