पिलानी: राजस्थान पटवार संघ की हड़ताल के कारण जिले में गिरदावरी कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। पटवारी संघ जिला कार्यकारिणी झुंझुनू के आह्वान पर उप शाखा पिलानी ने 17 और 18 सितंबर को पेन डाउन स्ट्राइक करते हुए तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।
पटवारी संघ अध्यक्ष राजेश कुमार धनखड़ ने बताया कि फसल खरीफ सम्वत 2081 की गिरदावरी के लिए उपयोग किए जा रहे राज खसरा गिरदावरी एप में कई खामियां हैं। इन खामियों को दूर करने के लिए 22 अगस्त को हुई बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पटवारियों की प्रमुख मांगें हैं:
- लोकेशन बफर को 50 मीटर से बढ़ाकर 350 मीटर किया जाए।
- लोकेशन डिसेबल का विकल्प पटवारियों को दिया जाए।
- किसान की गिरदावरी सत्यापन करते समय लोकेशन की बाध्यता हटाई जाए।
- महिला पटवारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
- एप की कार्य क्षमता बढ़ाई जाए।
धनखड़ ने कहा कि लगातार बारिश के कारण एप ठीक से काम नहीं कर रहा है और समय पर गिरदावरी कार्य पूरा करना मुश्किल हो रहा है। अगर सरकार जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानती है तो संघ आगामी कार्यवाही के लिए मजबूर होगा।
किसानों पर पड़ेगा असर
पटवारियों की हड़ताल से किसानों के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। गिरदावरी न होने के कारण किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिलानी तहसील कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन में राजेश कुमार नेहरा, अजय पूनिया, मंजू कुमारी, प्रमोद नेहरा, विनोद कुमार, सिंह राम लाम्बा, नीलम मान, राकेश पचार, मनीष कुमार, जयपाल, दिनेश पचार, संदीप शर्मा, रमेश कुमार, नरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।