दार्जिलिंग में भयानक ट्रेन हादसा: 7 मरे, 30 घायल, कंचनजंगा एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकराई, कई डिब्बे क्षतिग्रस्त

दार्जिलिंग, 17 जून 2024: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में आज सुबह करीब 9 बजे एक भयानक ट्रेन हादसा हो गया। सियालदह जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस (13174) को रंगापानी स्टेशन के पास रुइधासा में एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

हादसे का कारण

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे का कारण सिग्नलिंग में खराबी थी। मालगाड़ी उसी लाइन पर चली गई जिस पर कंचनजंगा एक्सप्रेस खड़ी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें से एक डिब्बा दूसरी बोगी के ऊपर चढ़ गया और हवा में लटक गया।

बचाव कार्य जारी

घटनास्थल पर तुरंत राहत और बचाव दल पहुंच गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

ममता बनर्जी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे घायलों को हरसंभव मदद मुहैया कराएं।”

रेल मंत्री ने दिया आश्वासन

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी ट्वीट कर कहा, “बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। हादसे की जांच के लिए आदेश दिया गया है।”

हेल्पलाइन नंबर

घायलों की मदद के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। घायलों के परिजन 033-23508794, 033-23833326 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!