सूरजगढ़: कस्बे में सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मैन बाजार में बोलेरो गाड़ी से स्टंट कर हुड़दंग मचाने वाले युवक को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया, जबकि स्टंट में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया।
सूरजगढ़ कस्बे के व्यस्त मैन बाजार क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन चालक द्वारा सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी कर अफरा-तफरी मचाने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक को समझाइश दी, लेकिन जब वह नहीं माना तो कानून के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बोलेरो वाहन संख्या RJ 18 UB 2226 के चालक रजत नेहरा को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। साथ ही, यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक ड्राइविंग को देखते हुए बोलेरो गाड़ी को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रजत नेहरा पुत्र सुनील, उम्र 19 वर्ष, निवासी काकोड़ा थाना सूरजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





