सूरजगढ़ में रावण दहन का दसकों का इंतजार हुआ खत्म, 40 साल बाद 51 फीट के रावण का होगा दहन

सूरजगढ़: कस्बे में इस बार दशहरा पर्व ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पूरे 40 साल बाद सूरजगढ़ में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका के सौजन्य से दशहरा आयोजन समिति और हिंदू युवा वाहिनी मिलकर इस भव्य कार्यक्रम को अंजाम देंगे।

शुक्रवार को उदयपुरवाटी से पहुंचे कारीगरों ने रावण के पुतले का निर्माण शुरू किया। यह पुतला 51 फीट ऊंचा होगा और कस्बे के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। दशहरा आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है।

आयोजकों ने बताया कि 2 अक्टूबर को दशहरा के दिन चाणक्यपुरी स्थित नव निर्मित बस स्टैंड पर इस कार्यक्रम का आयोजन होगा। हिंदू युवा वाहिनी के नेतृत्व में शस्त्र पूजन और राम-रावण संवाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन किया जाएगा।

करीब चार दशक बाद हो रहे इस आयोजन को लेकर सूरजगढ़ के लोगों में उत्साह चरम पर है। आयोजन समिति का कहना है कि यह सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सांस्कृतिक एकता और परंपरा का प्रतीक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!