सीरी द्वारा विकसित एआई आधारित जल परीक्षण किट प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण: डायरेक्टर डॉ पंचारिया की उपस्थिति में इंदौर की फार्मा कम्पनी को किया गया हस्तांतरण

पिलानी, 20 जून: सीएसआईआर-सीरी द्वारा पानी की गुणवत्‍ता की जाँच के लिए विकसित एआई आधारित जल परीक्षण किट का उद्योग को प्रौद्योगिकी हस्‍तांतरण किया गया। सीरी संस्‍थान द्वारा आयोजित प्रौद्योगिकी हस्तांतरण कार्यक्रम में एआई आधारित जल परीक्षण किट की प्रौद्योगिकी ‘विशाल फार्मास्यूटिकल्स, इंदौर’ को हस्‍तांतरित की गई। विशाल फार्मास्‍युटिकल्‍स इस टेक्‍नोलॉजी की तकनीकी जानकारी का उपयोग करते हुए किट का औद्योगिक उत्‍पादन करेगी और इसे उपभोक्‍ताओं को उपलब्‍ध कराएगी। यह तकनीक सीएसआईआर-सीरी के वैज्ञानिक डॉ. सत्यम श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा विकसित की गई है।

इस अवसर पर सीरी के टेक्नोलॉजी बिजनेस डेवलपमेन्‍ट (TBD) प्रमुख डॉ. नीरज कुमार एवं विशाल फार्मास्यूटिकल्स, इंदौर के प्रतिनिधि राजेश तिवारी के बीच प्रौद्योगिकी हस्तांतरण (ToT) के दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. पीसी पंचारिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उनके साथ जयपुर परिसर के वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. साई कृष्णा, डॉ विजय चटर्जी तथा अन्य वैज्ञानिक और अधिकारीगण भी मौजूद थे।

पोर्टेबल डिजाइन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी विशेषताओं से युक्‍त यह जल परीक्षण किट एआई की सहायता से पानी की गुणवत्ता का त्वरित, सटीक और सहज व डिजिटल मूल्यांकन करने में सक्षम है, जो विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जल सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। सीरी द्वारा विकसित यह तकनीक प्रधानमंत्री के “मेक इन इंडिया” और “जल जीवन मिशन” जैसे अभियानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक और सार्थक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!