पिलानी, 23 सितंबर 2024: सीएसआईआर-सीरी के वैज्ञानिक चिराग प्रकाशचंद्र मिस्त्री को मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिवीजन में प्रतिष्ठित ‘आई ई आई यंग इंजीनियर्स अवार्ड 2024-25’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें चंडीगढ़ में आयोजित मैकेनिकल इंजीनियर्स के 39वें राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के दौरान प्रदान किया गया। इस सम्मान के अंतर्गत चिराग को प्लैक (स्मृति चिह्न) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
‘आईईआई यंग इंजीनियर्स अवार्ड’ हर वर्ष इंजीनियरिंग अनुसंधान में उत्कृष्टता, नवीन प्रौद्योगिकी विकास और समाज कल्याण के लिए तकनीकी नवाचारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा इंजीनियर्स और वैज्ञानिकों को दिया जाता है। चिराग मिस्त्री संस्थान में वरिष्ठ वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में संस्थान के माइक्रोवेव डिवीज़न में ट्रेवलिंग वेव ट्यूब्स के डिजाइन एवं विकास में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
संस्थान के निदेशक और स्टाफ ने चिराग मिस्त्री की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। गत वर्ष संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. राहुल प्रजेश को इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग डिवीजन में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। ये सम्मान संस्थान के अन्य युवा वैज्ञानिकों एवं इंजीनियरों को अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं।
क्या है आई ई आई युवा इंजीनियर पुरस्कार
इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा प्रदत्त युवा इंजीनियर अवार्ड अनुसंधान, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण आदि उत्कृष्ट कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 35 वर्ष से कम आयुवर्ग के इंजीनियरों को दिया जाता है। पुरस्कार का उद्देश्य इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इंजीनियरों को उनके कार्य के लिए सम्मानित करना है। इसके अंतर्गत सभी 15 इंजीनियरिंग डिवीजन के विजेताओं को संस्था द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मानित किया जाता है।