समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित, लखनऊ में जुटा यादव परिवार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने प्रदेशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस मौके पर लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम रखा गया, जहां पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव एक साथ नजर आए। यादव परिवार की इस एकजुटता ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया।

शिवपाल यादव ने दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए उनके संघर्ष और योगदान को याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,”जब लोग टूट कर समय के सांचे में ढल रहे थे, आप करोड़ों जन के लिए वक्त के ढांचे को बदल रहे थे। हम सबके आदर्श और अभिभावक ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर शत-शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि! संकल्प न्याय का कायम है, हम सब का अभिमान मुलायम है।”

शिवपाल यादव ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और राजनीतिक आदर्शों को नमन करते हुए उन्हें प्रेरणा का स्रोत बताया।

सपा ने दी नेताजी को श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर मुलायम सिंह यादव को याद किया और लिखा,”समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, हम सबके आदर्श ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर शत-शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”

पार्टी ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने लिखा,”समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, हम सबके आदर्श ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर शत-शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”

वहीं, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अपने संदेश में कहा,”समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।”

लखनऊ में यादव परिवार की एकजुटता

लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यालय में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे। यादव परिवार की इस एकजुटता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया।

नेताजी का जीवन और योगदान

मुलायम सिंह यादव ने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने किसानों, गरीबों और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। एक शिक्षक से राजनेता तक का उनका सफर संघर्ष और प्रेरणा से भरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!