पिलानी: संविधान दिवस पर आज पिलानी में डॉ भीमराव अम्बेडकर समता संस्थान द्वारा संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। विधायक पितराम सिंह काला व संस्था के अध्यक्ष डॉ हरिसिंह सांखला ने डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

विधायक पितराम सिंह काला ने संविधान की चर्चा करते हुए कहा कि डॉ अंबेडकर के योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान हमारा स्वाभिमान और देश का सर्वोच्च विधान है, जो संविधान सभा के विद्वान सदस्यों द्वारा 26 नवंबर 1949 को पारित किया गया था, तथा 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ। भारत का हस्तलिखित संविधान विश्व के किसी भी गणतांत्रिक देश का सबसे लंबा लिखित संविधान है।

डॉ हरिसिंह सांखला ने कहा कि संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर संविधान निर्माताओं को याद करना और देशवासियों को जागरूक करना बहुत जरूरी है। भारत का संविधान हमारा स्वाभिमान और आत्म सम्मान है, जिस पर हम स्वतंत्रता के साथ गर्व करते हैं।

संविधान दिवस के अवसर पर डॉ भीमराव अम्बेडकर समता संस्था द्वारा समाज के एक साधन विहीन परिवार के लिए सामुदायिक सहयोग से भवन निर्माण का निर्णय लेते हुए भूमि पूजन भी किया गया।

डॉ अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में ओमप्रकाश सुनिया, सज्जन मेघवाल, मोतीलाल, जगदीश प्रसाद आलडिया, पवन चौहान, कुलदीप आलडिया, सदासुख नवां, राजबीर सांगवान, विद्याधर नारनौलिया, देवकरण, महेन्द्र कुमार बाड़ेटिया, मनोज कुमार, संजय कुमार, कृष्ण कुमार, अरविंद कुमार, विशाल नायक सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!