सूरजगढ़: अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की ओर से शिक्षकों की लंबित समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और शिक्षामंत्री मदन दिलावर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से शिक्षकों की समस्याएं लंबित पड़ी हुई हैं, लेकिन सरकार और विभागीय अधिकारियों की ओर से ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है।

ज्ञापन में शिक्षकों को मिलने वाले अवकाश यथावत रखने, द्वितीय एवं तृतीय वेतन श्रृंखला सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण करने, वर्षों से लंबित पदोन्नतियां जारी करने और शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही संविदा शिक्षकों को नियमित करने की भी मांग प्रमुख रूप से रखी गई। संगठन का कहना है कि कई बार संवाद और वार्ता के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से शिक्षकों में भारी असंतोष है।

संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हाल ही में प्रदेश स्तर पर शिक्षकों के आंदोलन और विरोध कार्यक्रमों की घोषणाओं के बाद शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

इस दौरान महिला मंत्री बबीता हिरनवाल, सुरेश सैनी, महेंद्र शर्मा, मनोज डूडी, मुकेश सांमरिया, सुमेर सिंह, मनीष शर्मा, राकेश, रोबिन, प्रमोद, अमर सिंह, कृष्ण कुमार, शुभम शर्मा, राहुल चौधरी, संदीप, माया, निशा चौधरी, पूजा कुमारी, पूनम, सुमन और दिलीप सिंह सहित अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कई कार्यकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे।




