विसावदर उपचुनाव में जीत के बाद गोपाल इटालिया का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- जनता ने तोड़ा उनका अहंकार
अहमदाबाद: गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज कर राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। चुनाव परिणाम आने के बाद इटालिया ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज जनता ने कांग्रेस को उसके अहंकार की सजा दी है। उन्होंने दावा किया कि यह जीत न सिर्फ आम आदमी पार्टी की है, बल्कि उन सभी किसानों, मजदूरों और युवाओं की है जिन्होंने चुनाव को जन आंदोलन में बदल दिया।
गोपाल इटालिया ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि विसावदर सीट को लेकर पहले ही कांग्रेस को आगाह किया गया था कि गठबंधन धर्म के तहत इस सीट पर उसे प्रत्याशी नहीं उतारना चाहिए, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने अन्य पांच उपचुनाव क्षेत्रों में प्रत्याशी नहीं उतारे थे। इसके बावजूद कांग्रेस ने विसावदर से उम्मीदवार खड़ा किया, जिसे जनता ने नकार दिया।
इटालिया ने कहा कि उनके नेता अरविंद केजरीवाल और इसुदान गढ़वी पहले से ही कहते रहे हैं कि राजनीति में विनम्रता और संयम जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अहंकार जनता ने इस चुनाव में चूर-चूर कर दिया और यह हार कांग्रेस के लिए एक आईना है जिसमें उन्हें खुद को देखना चाहिए।
उन्होंने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल के इस्तीफे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह इस्तीफा तो आना ही था, क्योंकि इस चुनाव में जनता के विरुद्ध खड़े होने वाले हर व्यक्ति को जनता और ऊपरवाले दोनों ने सजा दी है।
गोपाल इटालिया ने अपनी जीत का श्रेय आम जनता को दिया और कहा कि इस चुनाव को उन्होंने नहीं बल्कि जनता ने लड़ा। उन्होंने कहा कि वे तो सिर्फ एक माध्यम थे। हर बूथ पर किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और युवा खुद पहरेदार बनकर खड़े हो गए थे। इन्होंने न केवल वोट डाले बल्कि दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।
