पिलानी: विधायक पितराम सिंह काला ने कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल के पैतृक गांव भोड़की पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक काला ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल को शहीद का दर्जा देने की मांग की। विधायक ने कहा कि भींवाराम मेघवाल ने पुलिस सेवा के दौरान पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया था।

विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया गया कि 17 मई को पुलिस गश्त के दौरान बदमाशों का पीछा करते समय वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में चालक कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, समाज और पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

पत्र में विधायक काला ने उल्लेख किया कि भींवाराम मेघवाल ने अपने पूरे सेवा काल में ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया। कर्तव्य पालन के दौरान हुई दुर्घटना में उनका बलिदान अत्यंत दुःखद होने के साथ सम्माननीय भी है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं को देखते हुए उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाना न्यायोचित और प्रेरणादायक कदम होगा।

विधायक पितराम सिंह काला ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल को शहीद का दर्जा प्रदान कर उनके परिवार को उचित सरकारी सहायता और सम्मान दिया जाए। इससे उनके परिजनों को संबल मिलेगा और समाज में सेवा व बलिदान की भावना को भी प्रोत्साहन मिलेगा।





