रोहित शर्मा ने रिटायरमेंट की अफवाहों पर लगाई रोक, कहा- ‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं’

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनके संन्यास लेने की कोई योजना नहीं है। 4 जनवरी को स्टार स्पोर्ट्स पर एक साक्षात्कार के दौरान रोहित ने अपनी स्थिति स्पष्ट की और यह भी बताया कि सिडनी टेस्ट में खेलने से हटने का निर्णय उनका स्वयं का था।

सिडनी टेस्ट से हटने का कारण खुद बताया

रोहित शर्मा ने बताया कि सिडनी टेस्ट से बाहर बैठने का निर्णय उनका खुद का था। उन्होंने कहा, “मैं रन नहीं बना पा रहा था, इसलिए मुझे लगा कि फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को खेलने का मौका मिलना चाहिए। यह फैसला लेना मेरे लिए कठिन था, लेकिन टीम के हित में जरूरी था। मैंने सिडनी पहुंचकर कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से बात की और उन्हें अपने फैसले की जानकारी दी।” उन्होंने यह भी कहा कि वह न्यू ईयर के दौरान टीम को यह जानकारी नहीं देना चाहते थे।

Advertisement's
Advertisement’s

‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं’

रोहित शर्मा ने संन्यास को लेकर स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं फिलहाल कहीं नहीं जा रहा हूं। मेरा क्रिकेट छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और जल्द ही बेहतर प्रदर्शन के साथ वापसी करूंगा। इस समय रन नहीं बन रहे हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं है कि पांच या छह महीने बाद भी ऐसा ही होगा।”

‘मुझे पता है कब क्या करना है’

रोहित ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा, “कोई भी माइक्रोफोन, लैपटॉप, या पेन लेकर बैठा व्यक्ति यह तय नहीं कर सकता कि मुझे कब रिटायर होना चाहिए। मैं 2007 से क्रिकेट खेल रहा हूं और इतने वर्षों में यही सीखा है कि अपने फैसले खुद लेने चाहिए। मैं दो बच्चों का पिता हूं और मुझे पता है कि कब क्या करना है।”

सुरेश रैना ने की प्रशंसा

टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने रोहित शर्मा की तारीफ की। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बुमराह के साथ रोहित की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “रोहित शर्मा टीम को ईमानदारी और निस्वार्थता के साथ नेतृत्व का उदाहरण दे रहे हैं। व्यक्तिगत चुनौतियों के बावजूद वह टीम की सफलता को प्राथमिकता दे रहे हैं और जरूरत पड़ने पर खुद पीछे हट गए। उनके इस नेतृत्व ने भारत की सफलता के प्रति उनके समर्पण को साबित किया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!