चिड़ावा: रोहिताश्व धांगड़ को चिड़ावा पंचायत समिति का नया प्रधान नियुक्त किया गया है। झुंझुनू विधायक राजेन्द्र सिंह भाम्बू और भाजपा नेता राजेश दहिया की मौजूदगी में सोमवार देर शाम रोहिताश्व धांगड़ ने पंचायत समिति में प्रधान पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके समर्थकों व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। प्रधान पद पद पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद समर्थकों ने डीजे की धुनों पर थिरकते हुए रोहीताश्व धांगड़ का जुलूस निकाला। खुली जीप में फूल मालाएं पहने प्रधान धांगड़ के साथ भाजपा नेता राजेश दहिया भी जुलूस में शामिल हुए।

आपको बता दें कि पंचायत समिति की पूर्व प्रधान इंद्रा डूडी के खिलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव में रोहिताश्व धांगड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। रोहिताश्व धांगड़ ने ही अविश्वास प्रस्ताव पर बीबीसी मेम्बर्स का नेतृत्व किया था। हालांकि इंद्रा डूडी अविश्वास प्रस्ताव पर अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रही थी, लेकिन बाद में पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप में निलम्बित कर दिया गया था। झुंझुनूं में विधानसभा उपचुनाव की आचार संहिता के चलते प्रधान पद रिक्त ही था, जिस पर आज शाम रोहिताश्व धांगड़ की नियुक्ति की गई है।

समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह

रोहिताश्व धांगड़ के प्रधान बनने पर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पदभार ग्रहण करने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। उन्होंने धांगड़ का स्वागत करते हुए बधाई दी और उनके नेतृत्व में पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई।

नेतृत्व क्षमता पर भरोसा

इस अवसर पर भाजपा नेता राजेश दहिया ने कहा, “रोहिताश्व धांगड़ के नेतृत्व में चिड़ावा पंचायत समिति का विकास नई दिशा में होगा। उनकी मेहनत और समर्पण पार्टी के लिए प्रेरणा है।” झुंझुनू विधायक राजेन्द्र सिंह भाम्बू ने भी उनके कार्यकाल को पंचायत समिति क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया।

नई चुनौतियां और विकास का वादा

पदभार ग्रहण के बाद रोहिताश्व धांगड़ ने कहा, “मैं सभी कार्यकर्ताओं और जनता का आभारी हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि पंचायत समिति में पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता मिले।” उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!