रेल सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर सांसद ओला को सौंपा गया ज्ञापन, चिड़ावा रेल यात्री संघ ने झुंझुनूं क्षेत्र के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता जताई

चिड़ावा: दैनिक रेल यात्री संघ चिड़ावा ने क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर आज झुंझुनूं सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला को एक ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने किया। ज्ञापन के माध्यम से सीकर-झुंझुनूं-लोहारू रेल खंड पर मौजूदा ट्रेनों के संचालन में सुधार और नई रेल सेवाओं की शुरुआत की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि झुंझुनूं क्षेत्र के यात्री लंबे समय से सीमित रेल कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहे हैं, ऐसे में इन मांगों पर शीघ्र कार्यवाही आवश्यक है।

संघ ने मदार-कोलकाता ट्रेन संख्या 19607/08 का विस्तार वाया सीकर, झुंझुनूं और लोहारू होते हुए हिसार तक किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। बताया गया कि यह ट्रेन मदार जंक्शन पर लगभग 66 घंटे तक खड़ी रहती है, ऐसे में इस समय का बेहतर उपयोग करते हुए इसे हिसार तक चलाया जा सकता है, जिससे यात्रियों को एक उपयोगी और सीधी रेल सेवा मिल सकेगी।

इसके अलावा दिल्ली और जोधपुर के बीच प्रतिदिन चलने वाली रेल सेवा की मांग भी दोहराई गई। संघ ने अनुरोध किया कि नई दिल्ली-जोधपुर ट्रेन का संचालन लोहारू, झुंझुनूं, सीकर, रिंगस, डेगाना और फुलेरा होते हुए किया जाए, ताकि झुंझुनूं सहित आसपास के जिलों को राजधानी दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त दैनिक कनेक्शन उपलब्ध हो सके।

सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इन मांगों को रेल मंत्रालय तक पहुंचाएंगे और शीघ्रता से समाधान के प्रयास करेंगे। उन्होंने क्षेत्र में रेल यातायात की सीमाओं को स्वीकारते हुए कहा कि बेहतर रेल संपर्क जिले के विकास की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र वर्मा के साथ अर्जुन सिंह, आर्यन कुमावत, कमलेश कुमार, महबूब, सत्यनारायण वर्मा और राजवीर सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अगर इन मांगों पर शीघ्र अमल हुआ तो झुंझुनूं जिले के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!