सिंघाना: थाना क्षेत्र के रायपुर जाटान गांव में स्थित प्राचीन गोगाजी महाराज मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से करीब दो लाख रुपए मूल्य के चांदी के छत्र चोरी कर फरार हो गया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार रायपुर जाटान स्थित गोगाजी महाराज का यह मंदिर लंबे समय से क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। संदीप शास्त्री ने बताया कि एक युवक प्लास्टिक का कट्टा लेकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाते हुए वह सीधे गोगाजी महाराज की प्रतिमा के पास पहुंचा और प्रतिमा पर लगे छोटे-बड़े कुल पांच चांदी के छत्र उतारकर कट्टे में भर लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शाम के समय जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां का नजारा देख हैरान रह गए। मंदिर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और चांदी के छत्र गायब थे। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। लोगों ने इस घटना को धार्मिक आस्था पर सीधा हमला बताया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई सुगन सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। जांच के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें साफ तौर पर एक युवक चांदी के छत्र तोड़ते और उन्हें प्लास्टिक के कट्टे में डालकर ले जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की गई हैं ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान हो सके और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
मंदिर में हुई चोरी को लेकर संदीप शास्त्री की ओर से सिंघाना थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। इस संबंध में सुगन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहे युवक की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से जांच में जुटी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर रायपुर जाटान सहित आसपास के गांवों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में चोरी जैसी घटनाएं समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदात दोबारा न हो।





