चिड़ावा, 19 अप्रैल 2025: राजधानी जयपुर में आयोजित माँ सावित्रीबाई फुले आदर्श शिक्षिका गौरव कार्यक्रम में की विभिन्न जिलों से चयनित उन महिला शिक्षिकाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है।

इस गरिमामई अवसर पर झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र की गर्ल्स पावर महिला मंडल की संयोजिका पूजा शर्मा को भी उनके सामाजिक सरोकारों, महिला जागरूकता अभियानों और युवाओं में नेतृत्व निर्माण हेतु किए गए कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पूजा शर्मा को यह सम्मान मिलना न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण की स्वीकृति है, बल्कि यह समस्त इलाके के लिए गर्व का विषय बन गया है।
कार्यक्रम में शामिल अनेक विशिष्टजनों और आयोजकों ने पूजा शर्मा के सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्हें यह सम्मान प्रदान करने में राजबाला यादव का सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने हर स्तर पर समर्थन और प्रेरणा प्रदान की।

सम्मान प्राप्ति के बाद पूजा शर्मा को महिला मंडल की सदस्याओं, क्षेत्रवासियों और समाज के प्रबुद्धजनों की ओर से ढेरों बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी गईं। स्थानीय स्तर पर भी इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का वातावरण रहा।