मुस्लिम न्याय मंच की बैठक में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा, विधानसभा उपचुनाव में टिकट की मांग

झुंझुनू, 17 अक्टूबर 2024: गुरुवार को रजिया गेस्ट हाउस में मुस्लिम न्याय मंच की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजनीतिक मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। इस बैठक में झुंझुनू विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी से मुस्लिम समाज को टिकट देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

मुस्लिम न्याय मंच के सदस्य शकील फौजी ने कहा कि मुस्लिम समाज हमेशा से कांग्रेस पार्टी को वोट देता आया है। यदि कांग्रेस पार्टी ने झुंझुनू लोकसभा क्षेत्र से किसी को भी टिकट दिया है, तो हमने कभी भी सवाल नहीं उठाए हैं। अब समय आ गया है कि कांग्रेस इस उपचुनाव में मुस्लिम समाज को टिकट दे।

बैठक की शुरुआत कुरान की तिलावत से मौलाना शकरुद्दीन ने की। मंच के संयोजक इमरान बड़गुजर ने बताया कि 11 अक्टूबर को ईदगाह मैदान में मुस्लिम महापंचायत का आयोजन किया गया था, जिसमें झुंझुनू की 30 मुस्लिम बिरादरियों ने निर्णय लिया था कि कांग्रेस पार्टी को, जिसे हम पिछले 75 वर्षों से वोट देते आ रहे हैं, झुंझुनू विधानसभा उपचुनाव में मुस्लिम समाज की किसी भी बिरादरी के व्यक्ति को टिकट देना चाहिए। यदि ऐसा होता है, तो पूरा मुस्लिम समाज उसके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि शुक्रवार को कांग्रेस के चुनाव प्रभारी झुंझुनू में आएंगे, और मुस्लिम समाज एकजुट होकर जिला कांग्रेस कार्यालय में इस मांग को लेकर आवाज उठाएगा कि इस विधानसभा उपचुनाव में किसी भी मुस्लिम व्यक्ति को टिकट दी जाए।

इमरान ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी ने इस बार भी मुस्लिम समाज की अनदेखी की, तो यह समाज कांग्रेस की टिकट को ठुकराएगा और विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी खड़ा करेगा, जिसे वे निश्चित रूप से विधानसभा में भेजेंगे।

बैठक में मौलाना इलियास, मौलाना अरशद, इश्तियाक कुरैशी, एजाज खान, यूनुस रंगरेज, ओसामा सैयद, अब्दुल लतीफ खानजादा, इरफान काजी, इमरान खोखर, आमिर खान, वरिष्ठ पार्षद मकबूल हुसैन, कयुम अली कुरैशी, मो. शोएब, जमील अहमद, वसीम कुरैशी, इम्तियाज तगाला, मुस्तफा भाटी, मो. शरीफ रंगरेज, सोहूद अली, सैयद आसिफ अली, अजहर हुसैन, शौकत चोपदार, आबिद काजी, और अजमत निर्बाण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!