ममता बनर्जी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला: कन्याकुमारी दौरे को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की चेतावनी, कहा- “ध्यान को टीवी पर नहीं होने देंगे टेलीकास्ट”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कन्याकुमारी दौरे को लेकर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पीएम मोदी का ध्यान कार्यक्रम टेलीविजन पर टेलीकास्ट किया जाता है, तो उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत करेगी।

आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ध्यान कर सकते हैं, लेकिन इसका टेलीविजन प्रसारण करना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ध्यान करने के लिए किसी को कैमरे की आवश्यकता होती है? ममता बनर्जी ने दावा किया कि प्रचार समाप्त होने और मतदान की तारीख के बीच मौन अवधि के दौरान ध्यान को टेलीविजन पर दिखाना प्रचार का एक नया तरीका है, जो कि नियमों के खिलाफ है।

पीएम मोदी का कन्याकुमारी दौरा

भाजपा नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई यानि आज से 1 जून तक कन्याकुमारी का दौरा करेंगे। इस दौरान वे रॉक मेमोरियल पर जाएंगे और उसी स्थान पर ध्यान करेंगे, जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था। प्रधानमंत्री 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान मंडपम में दिन-रात ध्यान करेंगे।

सरकारी कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने का आरोप

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर सरकारी कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा केंद्र में दोबारा सत्ता में आती है, तो यह देश की राजनीति, चुनाव, स्वतंत्रता, धर्म, मानवता और संस्कृति को नुकसान पहुंचाएगी। उन्होंने एक बार फिर विपक्षी गठबंधन को समर्थन देने की बात कही और दावा किया कि टीएमसी दिल्ली में सरकार बनाने के लिए इंडी गठबंधन को अपना समर्थन देगी।

चुनाव के दौरान ध्यान का दावा

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने दावा किया कि पीएम मोदी हर चुनाव में अंतिम चरण के मतदान से 48 घंटे पहले ध्यान करने जाते हैं। उन्होंने 2019 के चुनाव प्रचार के बाद केदारनाथ की गुफा में ध्यान करने के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का उदाहरण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!