छतरपुर, (मध्य प्रदेश): बागेश्वर धाम के प्रसिद्ध महंत और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर एक बार फिर मारपीट का आरोप लगा है। मामला शुक्रवार का है, जब शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ गड़ा गांव निवासी जीतू तिवारी के घर पहुंचे और लेनदेन के विवाद में उनके परिवार पर हमला कर दिया।
लेनदेन का विवाद बना मारपीट की वजह
सूत्रों के अनुसार, शालिग्राम गर्ग और जीतू तिवारी के बीच पहले से ही लेनदेन का विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में जीतू तिवारी और उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप
पीड़ित जीतू तिवारी ने आरोप लगाया है कि शालिग्राम गर्ग रात में उनके घर आए थे और फिर अगले दिन दोपहर में 50 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप यह भी लगाया कि शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उनकी छोटी-छोटी बच्चियों के साथ भी हाथापाई की।
बमीठा थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बागेश्वर धाम के महंत पर भी उठ रहे सवाल
शालिग्राम गर्ग पर यह दूसरा बड़ा आरोप है। पिछले महीने भी उन पर टोल प्लाजा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। इन घटनाओं के बाद बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी सवाल उठ रहे हैं।