फौजी विक्रम सिंह हत्या प्रकरण: पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, सरिए-लाठियों से की थी मारपीट

झुंझुनूं: जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में सेना में कार्यरत बलिदानी विक्रम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमरपुरा कलां निवासी अविनाश उर्फ घघला, किढवाना निवासी मनीष उर्फ सोनू और अमरपुरा कलां की ही निवासी ज्यानी देवी शामिल हैं। पुलिस ने इस प्रकरण में घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी व अन्य सामग्री को भी जब्त कर लिया है।

घटना 10 जून 2025 को शाम लगभग छह बजे की है, जब सेना के जवान विक्रम सिंह, निवासी अमरपुरा कलां, अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में बड़सरी का बास स्थित शराब ठेके के पास उन्हें एक काले रंग की स्कॉर्पियो (RJ-18-UB-6813) से आए अविनाश, मनीष और उनके साथियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौच की और फिर पीछा करते हुए सरजीत की दुकान के पास से जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया। विक्रम सिंह को अमरपुरा कलां गांव स्थित अविनाश के घर ले जाया गया, जहां उनसे फिरौती की मांग की गई। बाद में उन पर सरिए, लाठियों और धारदार हथियारों से हमला किया गया।

गंभीर रूप से घायल विक्रम को उनके परिजनों द्वारा पहले सीएचसी सूरजगढ़ और फिर बीडीके अस्पताल झुंझुनूं ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 2:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। इस पूरे मामले में मृतक के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर थानाधिकारी हेमराज मीणा द्वारा जांच शुरू की गई।

पुलिस को जैसे ही मारपीट की सूचना मिली, सूरजगढ़ थाना प्रभारी हेमराज मीणा के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया। कुछ ही घंटों में अविनाश और मनीष को पकड़ लिया गया। इसके बाद एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा गया। अनुसंधान के दौरान तीसरी आरोपी ज्यानी देवी को भी दस्तयाब किया गया। जांच में भूमिका प्रमाणित पाए जाने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया गया है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के निर्देश और वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में कार्य किया गया। संयुक्त टीमों ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घटना की तह तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य संभावित आरोपियों व अपराध से जुड़े पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!