प्रयागराज महाकुंभ पर अखिलेश यादव का बयान: ‘संगम तब जाएंगे, जब मां गंगा बुलाएंगी’

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गंगा कोलकाता तक बहती है और हर व्यक्ति को यह स्वतंत्रता है कि वह गंगा के किसी भी पवित्र स्थान पर स्नान कर सकता है। अखिलेश यादव ने हरिद्वार में मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा में स्नान किया और कहा कि संगम तभी जाएंगे, जब मां गंगा बुलाएंगी।

हरिद्वार में गंगा स्नान की तस्वीरें साझा की

अखिलेश यादव ने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर हरिद्वार में गंगा स्नान करते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। उन्होंने इन तस्वीरों के कैप्शन में लिखा, “मकर संक्रांति के पावन पर्व पर लिया मां गंगा का आशीर्वाद।” इस अवसर पर उन्होंने नमामि गंगे घाट पर पूजा-अर्चना कर अपने दिवंगत चाचा को श्रद्धांजलि दी और उनकी अस्थियों का गंगा में विसर्जन किया।

महाकुंभ: हिंदू परंपरा का प्राचीन उत्सव

महाकुंभ को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, “महाकुंभ का आयोजन हमारी हिंदू परंपरा के तहत हजारों साल से होता आया है। हमें उम्मीद है कि सरकार इस बार आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेगी और श्रद्धालुओं के लिए उचित प्रबंध करेगी। महाकुंभ में ऐसे साधु-संत भी आते हैं जिनका दर्शन सामान्यतः दुर्लभ होता है। वे यहां पूजा-पाठ और साधना करते हैं, जिससे श्रद्धालु लाभान्वित होते हैं।”

चाचा राजपाल सिंह यादव के निधन पर दी श्रद्धांजलि

अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। उन्होंने अपने दिवंगत चाचा राजपाल सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनका गुरुग्राम के एक अस्पताल में 73 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। राजपाल सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई में किया गया था।

दिल्ली चुनाव पर ‘इंडिया अलायंस’ का समर्थन

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “इंडिया अलायंस का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था कि जहां जिस क्षेत्रीय दल की स्थिति मजबूत है, वहां उसे समर्थन दिया जाएगा। दिल्ली में आम आदमी पार्टी मजबूत है, इसलिए हमने उन्हें समर्थन दिया है। हमारा मानना है कि केजरीवाल के साथ खड़े रहकर ‘इंडिया अलायंस’ को मजबूती मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!