पिलानी: प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को सुजडोला गांव से जनसंपर्क रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। भाजपा नेता राजेश दहिया ने रथ को रवाना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं, जिनकी जानकारी अब गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है।
सुजडोला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजेश दहिया ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क रथ भेजे गए हैं। इन रथ यात्राओं का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीतिगत निर्णयों की जानकारी आम जनता तक सीधे पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि शनिवार को सुजडोला के साथ दुधवा, पीपली, दोबडा और डुलानिया गांवों में भी जनसंपर्क रथ यात्रा निकाली गई, जहां ग्रामीणों से संवाद कर सरकार की उपलब्धियां साझा की गईं।

राजेश दहिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता, जनकल्याण और समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए कई दूरदर्शी और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और रोजगार जैसे क्षेत्रों में लगातार ठोस कार्य किए गए हैं। आने वाले वर्षों में भी जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पहले से अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगी।
भाजपा नेता दहिया ने जानकारी दी कि जनसंपर्क अभियान रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान मोरवा, भगिना, धीधवा बीचला, देवरोड़ और घंडावा गांवों में जनसंपर्क रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जहां ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी बनवारी लाल सैनी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज स्योरान, मंडल अध्यक्ष होशियार शर्मा, मंडल अध्यक्ष सज्जन कोठारी, दुधवा सरपंच दलीप स्वामी, जिला मंत्री रिशाल कंवर, डॉ सुरेंद्र भगीना और सुनीता स्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।




