पिलानी: थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले में एक बड़ा एक्शन सामने आया है। साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने वार्ड 20 निवासी हिमांशु पुत्र इन्द्र कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के खाते में संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पिलानी पुलिस को साइबर पुलिस पोर्टल पर एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें संदिग्ध बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित होने की जानकारी थी। थाना प्रभारी चन्द्रभान की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
टीम ने जांच में संदिग्ध पाए गए खाताधारक हिमांशु को तलाश कर पूछताछ के लिए थाने लाया। पूछताछ के दौरान युवक अपने खाते में आए संदिग्ध लेनदेन के बारे में कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
जांच के दौरान गतिविधियां संदिग्ध पाई जाने और शांतिभंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हिमांशु को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसका साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क या किसी अन्य आपराधिक गिरोह से क्या संबंध है।
पुलिस टीम में होशियार सिंह, रतन सिंह और प्रवीण कुमार भी शामिल रहे, जिन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।





