विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच खबर पिलानी से है.. यहां पिलानी और विद्याविहार नगरपालिका के पार्षदों ने आज कांग्रेस के हाथ का साथ छोड़ दिया है और सार्वजनिक मंच से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी है।
पिलानी और विद्याविहार पालिका के 8 पार्षदों ने दिया समर्थन
उत्सव मैदान के पास आयोजित एक कार्यक्रम में आज सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में पिलानी और विद्याविहार नगरपालिका के 8 निर्वाचित और मनोनीत पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी राजेश दहिया को समर्थन देने की घोषणा कर दी। पार्षद विकास जाखोदिया, बाबूलाल चोपदार, चन्दन वर्मा, संदीप सांगवान, मंजू रतन सैनी, कृष्णा कटारिया, आशा लोहार, सरिता सैनी और सिकंदर देवना और शाहरुख खान ने विधानसभा चुनाव में राजेश दहिया को समर्थन देने की घोषणा की है। कार्यक्रम में सभी पार्षदों के समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
पिलानी शहर में अब विद्या विहार पालिकाध्यक्ष कमलेश रोहिताश्व रणवा ग्रुप, डॉ. हरिसिंह सांखला और पिलानी नगरपालिका के चेयरमैन हीरालाल नायक के अलावा लगभग पूरी कांग्रेस ही भाजपा की भगवा ब्रिगेड के साथ खड़ी नजर आ रही है। कांग्रेस प्रत्याशी पितराम सिंह काला बेशक बृजेंद्र ओला ग्रुप के पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा और श्रवण कुमार ग्रुप के शेरसिंह नेहरा के अलावा चिड़ावा चेयरमैन सुमित्रा सैनी के साथ अपने स्तर पर चुनाव प्रचार में जुटे हैं, लेकिन चुनाव के दौरान संगठन में बिखराव की वजह से होने वाले नुकसान की चर्चा लोगों में होने लगी है।
दरअसल मौजूदा विधायक जेपी चंदेलिया का टिकट काटे जाने के बाद से ही नाराज कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं। पिलानी शहर के अलावा चिड़ावा शहर में भी कांग्रेस में बिखराव हुआ है। साथ ही मंड्रेला, काजड़ा, नरहड़ में भी कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी के निर्णय के विरुद्ध असहमति जताते हुए भाजपा के राजेश दहिया को समर्थन की घोषणा की है।
राजेश दहिया ने समर्थन के लिए जताया आभार
आज पिलानी में भाजपा प्रत्याशी की सभा में कांग्रेस के पार्षदों और उनके समर्थकों के अलावा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राजेश दहिया ने समर्थन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 25 नवम्बर को सभी एकजुट हो कर मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें।
चुनावी सभा में गुलाबी नगरी जयपुर से आई नाट्य मंडली ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाताओं को राजेश दहिया के पक्ष में मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन पार्षद राजकुमार नायक ने किया।