पिलानी की बंजारा बस्ती में चोरों ने 4 घरों पर किया हाथ साफ | मजदूरी के लिए गए हुए थे बस्ती के लोग | सर्दी के कपड़े लेने लौटे तब चोरी का पता लगा

पिलानी कस्बे के आशियाना जोहड़ की बंजारा बस्ती में चोरों ने चार घरों के ताले तोड़ कर नकदी, जेवर, घरेलू समान आदि चोरी कर लिए। बस्ती के लोग कपास के खेतों में मजदूरी करते हैं और इन दिनों मामराज का बास गांव के खेतों में मजदूरी के लिए गए हुए थे। पीछे से चोरों ने बस्ती के बंद पड़े घरों पर हाथ साफ कर दिया।

बंजारा बस्ती के भागीरथ बंजारा ने जानकारी देते हुए बताया कि बस्ती के अधिकतर परिवार कपास तोड़ने मामराज का बास गए हुए थे और काफ़ी दिनों से मामराज का बास में ही मजदूरी करने के लिए ठहरे हुए थे। भागीरथ ने बताया कि वे लोग जहां मजदूरी करते हैं, वहीं डेरा डाल कर रहते हैं। मजदूरी के पैसे जब मिलते हैं, तब घर आ कर रख जाते हैं और वापस मजदूरी के लिए पहुंच जाते हैं। आज जब सर्दी के कुछ कपड़े लेने घर आये तो घरों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए।

चोर 4 घरों से ले गए सोने चांदी के जेवर और नकदी

चोरों ने बंजारा बस्ती के 4 घरों को निशाना बनाया और मंगल बंजारा के घर से 1 किलो चांदी, 25 हज़ार नकद, कान के सोने के टॉप्स, होम थियेटर ले गए। भागीरथ बंजारा के घर से 36 हज़ार नगद, लगभग 1.5 तोला सोना, जिसमें गलसरी, टॉप्स, नथ, चांदी के बाजु बंद, अंगूठी वगैरह चोरी हुए हैं। हनुमान बंजारा के घर से 20 हज़ार नकद, 1 सोने का गले में पहनने का फूल, कंगन, और 500 ग्राम चांदी चोरी कर ले गए। अर्जुनबंजारा के घर से 15 हज़ार नकद, सोने क़ी कंठी, सोने क़ी नथ, 500 ग्राम चांदी के मुठिया चोरी हो गए।

बंजारा बस्ती के जिन घरों में चोरी हुई है, उन्होंने पुलिस को इसकी रिपोर्ट दी है। सीआई नारायण सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम गई है। जांच की जा रही है, जल्दी ही मामले का खुलासा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!