झुंझुनूं: जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में अपहरण और फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मन्दीप सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामला फराज चौहान के जबरन अपहरण और मारपीट से जुड़ा है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

08 नवंबर 2025 की शाम करीब 6:30 बजे नवलगढ़ निवासी फराज चौहान को नवलदी-नवलगढ़ रोड से दो कैम्पर में आए आरोपियों ने जबरन उठा लिया था। परिवादी कयामुदीन चौहान की रिपोर्ट के अनुसार अमन चौधरी, सुमीत समेत 10–15 लोग उसे अज्ञात स्थान पर ले गए और फिरौती के लिए बेरहमी से मारपीट की। इस घटना पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 126(2), 115(2), 189(2), 140(2), 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।

नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयास कर आरोपी मन्दीप सिंह पुत्र हरफुल सिंह निवासी बडवासी को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक को पहले ही निरुद्ध किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है।

जांच दल में दामोदर, बाबूलाल, श्रवण, प्रेमचंद और विजेंद्र शामिल रहे जिन्होंने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता से लोकेशन ट्रैक कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस का कहना है कि सामान्य नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!