नवलगढ़: डुंडलोड क्षेत्र में शनिवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एर्टिगा कार के डिवाइडर कूदकर सामने से आ रहे ट्रक में टकराते ही 10 दिन की नवजात बच्ची और मोहम्मद मकसूद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीकर से नवलगढ़ की तरफ जा रही एर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक में ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एर्टिगा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
एर्टिगा में नवजात सहित चार लोग सवार थे। हादसे में मोहम्मद मकसूद और 10 दिन की मासूम की हेड इंजरी के कारण मौत हो गई। जबकि खेरुनिशा और इकरामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हैं। नवलगढ़ जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सीकर रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा इतना जोरदार था कि कार अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। राहगीरों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। गति सीमा उल्लंघन और वाहन नियंत्रण खोने को हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और ट्रक चालक से पूछताछ के बाद स्पष्टता होगी।




