देव दीपावली पर पिलानी के गोपीनाथ मन्दिर में दीप दान संकल्प पूर्ण, इस्कॉन और गोपीनाथ मन्दिर संघ के सदस्यों ने कार्तिक माह में प्रतिदिन किया दीप दान

पिलानी, 16 नवम्बर 2024: देव दीपावली पर पिलानी मुख्य बाजार स्थित प्राचीन श्री गोपीनाथजी मन्दिर और इस्कॉन पिलानी द्वारा कार्तिक माह के दौरान पूरे महीने दीप दान का संकल्प पूर्ण किया गया। कार्तिक माह में श्री गोपीनाथ मन्दिर संघ और इस्कॉन पिलानी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रतिदिन मन्दिर परिसर में दीप दान किया साथ ही हरिनाम संकीर्तन, नृसिंह आरती और दामोदर अष्टकम स्तोत्र पाठ वाचन भी किया गया।

मन्दिर पुजारी परिवार के गोविन्द पाण्डे ने बताया कि स्कन्द पुराण, पद्मपुराण आदि शास्त्रों में वर्णन है कि कार्तिक माह में भगवान विष्णु या उनके अवतारों के समक्ष दीपदान करने से समस्त यज्ञों, तीर्थों और दानों का फल प्राप्त होता है। जो व्यक्ति कार्तिक के दौरान भगवान कृष्ण को घी का दीपक अर्पित करता है, वह मेरु पर्वत या मंदरा पर्वत जितने बड़े पापों को जला देता है, वह इस दुनिया में फिर से जन्म नहीं लेता और शाश्वत आध्यात्मिक क्षेत्र को प्राप्त करता है जहाँ कोई दु:ख नहीं है। भले ही कोई मंत्र न हो, कोई पवित्रता न हो, ऐसी भेंट से सब कुछ परिपूर्ण हो जाता है।

कार्तिक माह दीप दान संकल्प कार्यक्रम में 50 सदस्य श्री गोपीनाथ मन्दिर प्रांगण में ईश्वर के गुण गान के उद्देश्य से प्रतिदिन पहुंचे और संकल्प को देव दीपावली पर पूर्ण किया गया। संकल्प को पूर्ण करने के लिए हरिहर प्रभुजी, नंद दास प्रभुजी, श्याम पाण्डे, गौरव दास, विष्णु पाण्डे, दिनेश पाण्डे आदि ने सभी सदस्यों को प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!