पिलानी: कस्बे में मानवीय सेवा की एक और मिसाल कायम होने जा रही है। जन कल्याण युवा संस्थान शाखा पिलानी द्वारा 8 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले 22वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह शिविर सुप्रसिद्ध हृदय शल्य चिकित्सक एवं पूर्व सांसद अलवर डॉ. करण सिंह यादव के 81वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर संस्था पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गणपति यात्री निवास, पिलानी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक पवन जखोड़िया ने की। बैठक में शिविर की रूपरेखा, व्यवस्थाएं, प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक रक्तदाताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वैच्छिक रक्तदान शिविर 8 फरवरी 2026 को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक बिरला सार्वजनिक अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान अनुभवी चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्टाफ की निगरानी में सुरक्षित एवं मानक प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि दोपहर 2:00 बजे शिविर का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदाताओं के साथ-साथ समाज हित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्था से जुड़े सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सेवा, समर्पण और मानवता की भावना से जोड़ते हुए यादगार बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में सह-संरक्षक हरि सिंह सांखला, अध्यक्ष मनोज कुमार जांगिड़, केंद्रीय सचिव अशोक वर्मा सहित प्रवीण पाडियां, तेजपाल सैनी, बाल किशन वर्मा, श्रवण आचरा, पुष्कर आचरा, जय किशन जांगिड़, निशु जांगिड़, जितेश बिश्नोई, देवेंद्र सिंह राजावत, मनोज शर्मा, प्रमोद शर्मा, लोकेश शर्मा, राकेश सिंह शेखावत, प्रशांत शर्मा, प्रशांत अग्रवाल, उज्जवल सहल और बुधराम सैनी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से शिविर को सफल बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।
यह शिविर न केवल डॉ. करण सिंह यादव के दीर्घायु जीवन के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान, मानवीय सेवा, और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का भी एक प्रभावी माध्यम बनेगा।





