झुंझुनू: ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए केवल 20 घंटे में आरोपी को दबोच लिया। कुख्यात वाहन चोर सचिन उर्फ सेठी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली है। आरोपी संगठित अपराधों के गंभीर मामलों में लम्बे समय से सक्रिय बताया जा रहा है।
बडागांव निवासी रघुवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पंजीकृत ट्रैक्टर नंबर RJ 10 RB 7988 रूपाणाधाम ट्रेडिंग कम्पनी, अणगासर रोड पर खड़ा था। सुबह पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति इसे चुरा ले गया। CCTV फुटेज में चोरी की पुष्टि होने पर कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार नील के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुराग जुटाने शुरू किए। मुखबिरों को सक्रिय किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने सोनासर क्षेत्र से आरोपी को दस्तयाब किया। पूछताछ में जुर्म साबित होने पर आरोपी सचिन उर्फ सेठी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली गई।
जांच में सामने आया कि सचिन उर्फ सेठी पिछले 4–5 वर्षों से वाहन चोरी, लूट, डकैती का प्रयास, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। संगठित अपराध सिंडिकेट चलाने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 111 भी जोड़ी गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में है और पूछताछ जारी है।
इस कार्यवाही में झुंझुनू पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत तथा वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका ने सुपरविजन किया। मुख्य भूमिका में थाना प्रभारी श्रवण कुमार नील रहे। उनके साथ सुमेर सिंह, सतवीर सिंह, विक्रम, दिनेश, कुलदीप, सुरेंद्र और अंकित ने सक्रिय भूमिका निभाई।




