झुंझुनूं: जिले के नवलगढ़ जिला अस्पताल में महंगे ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच समिति की रिपोर्ट ने पूरे चिकित्सा विभाग को हिला कर रख दिया है। करीब 12 लाख रुपये मूल्य के 323 इंजेक्शन स्टॉक से गायब पाए गए हैं, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े : 894 इंजेक्शन आए, 323 का कोई रिकॉर्ड नहीं
रिपोर्ट के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच अस्पताल में कुल 894 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन की आपूर्ति हुई थी। इनमें से 493 इंजेक्शन मरीजों के उपचार में उपयोग किए गए।
लेकिन स्टॉक में केवल 78 इंजेक्शन ही मौजूद मिले। शेष 323 इंजेक्शन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, जिन्हें जांच में गायब माना गया है।
स्टॉक निगरानी प्रणाली पर उठे सवाल, लंबे समय तक नहीं चला पता
जांच में सामने आया कि अस्पताल की स्टॉक निगरानी प्रणाली बेहद कमजोर रही। इसी कारण इतनी बड़ी गड़बड़ी लंबे समय तक सामने नहीं आ सकी।
अब इस मामले में अस्पताल के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
संदिग्ध महिला के पास से इंजेक्शन बरामद, 8 इंजेक्शन मिले, जांच तेज
मामले में एक संदिग्ध महिला के पास से 8 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। इसके बाद जांच और तेज कर दी गई है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रशासन का बड़ा बयान, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पीएमओ महेंद्र सवलानिया ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही अस्पताल में मौजूद अन्य दवाओं के स्टॉक की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है, ताकि किसी और गड़बड़ी का पता लगाया जा सके





