झुंझुनूं: शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गोलाई मोड़ पंचदेव मंदिर के आगे इंडाली बायपास पर तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में बीएड की परीक्षा देने जा रही पूजा मेघवाल (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति मनजीत मेघवाल (29) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

3 महीने के बेटे को घर छोड़कर निकले थे दोनों
जानकारी के अनुसार पूजा मेघवाल झुंझुनूं के राजस्थान कॉलेज से बीएड कर रही थी। बुधवार को उसका परीक्षा पेपर था। ऐसे में वह सुबह अपने पति मनजीत मेघवाल के साथ सुलताना थाना क्षेत्र के सोलाना गांव से स्कूटी पर झुंझुनूं के लिए निकली थी। दोनों अपने 3 महीने के मासूम बेटे को घर पर छोड़कर आए थे। करीब 25 किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद यह हादसा हो गया।

सामने से आए डंपर ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंडाली गेट के पास गोलाई मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी चला रहा मनजीत सड़क पर उछलकर गिर पड़ा, जबकि पीछे बैठी पूजा डंपर के टायरों के नीचे आ गई। हादसा इतना भीषण था कि पूजा के शरीर का कमर से ऊपर का हिस्सा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

राहगीरों की मदद से शव पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से शव को पिकअप वाहन में रखकर अस्पताल की मोर्च्युरी पहुंचाया गया। घायल मनजीत को बीडीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया।
घर का इकलौता कमाने वाला है मनजीत
मनजीत सोलाना स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता है और वही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर पर उसकी मां और 3 महीने का बेटा मौजूद थे। मनजीत की दो बहनों की शादी हो चुकी है।

डंपर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी।

झुंझुनूं सड़क हादसे ने उठाए कई सवाल
झुंझुनूं में लगातार बढ़ते सड़क हादसे और तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही अब लोगों की चिंता का बड़ा कारण बनती जा रही है। इंडाली बायपास पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।




