झुंझुनूं, 26 जून: एमजी मॉल से पंचदेव देव सर्किल तक गंदे पानी की निकासी ना होने से आज झुंझुनूं शहर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने सड़क पर बाइक लगाकर रास्ता जाम कर दिया।
मुख्य सड़क पर जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम सुमन सोनल, नगरपरिषद आयुक्त अनिता खीचड़, डिप्टी विरेन्द्र शर्मा और कोतवाल पवन चौबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगाकर बैठे लोगों को समझाया और एक दिन में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने जाम हटा दिया।
पार्षद अशोक प्रजापत ने बताया कि पिछले कई दिनों से गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। नालियों से पानी की निकासी नहीं होने से गंदा पानी मुख्य सड़क पर जमा हो गया है। स्थानीय लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है और हादसे का डर भी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को पहले ही नगरपरिषद प्रशासन को अवगत करा दिया गया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन में पार्षद विनोद जांगिड़, पार्षद संजय पारीक, पार्षद मनोज सैनी, पार्षद संदीप गोयल, राजेन्द्र, नरेश, रमेश, प्रदीप, अनिल, सुरेन्द्र, मनोज राजोरिया, जतिन शर्मा, लक्की महमिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।





