झुंझुनूं में कांग्रेस ने निकाली अंबेडकर सम्मान यात्रा, अमित शाह की टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने जताया रोष

झुंझुनूं, 24 दिसम्बर 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने अंबेडकर सम्मान यात्रा निकाली। यह यात्रा अंबेडकर पार्क से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अमित शाह को उनके पद से हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग की।

पुष्पांजलि से की यात्रा कि शुरुआत

यात्रा की शुरुआत से पहले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश सुंडा की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने अंबेडकर पार्क में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पैदल मार्च शुरू किया गया।

कांग्रेस नेताओं का बयान

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश सुंडा ने कहा, “बाबा साहब के अपमान का बदला कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक लेगी। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।” उन्होंने आगे बताया कि जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत ने कहा, “अमित शाह की टिप्पणी संविधान विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। जब तक उन्हें पद से हटाया नहीं जाता और वे सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा।”

ज्ञापन सौंपा गया

यात्रा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमित शाह को गृह मंत्री पद से हटाने की मांग की गई।

यात्रा में शामिल प्रमुख कार्यकर्ता व लोग

अंबेडकर सम्मान यात्रा में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य सलीम सिगड़ी, खेतड़ी प्रधान मनीष गुर्जर, मंडावा प्रधान शारदा देवठिया, बुहाना प्रधान हरिकृष्ण यादव, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष अजय तसीड़, पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव मोहित जनेवा, प्रदेश सचिव पंकज देग, महिला जिलाध्यक्ष तारा पूनियां, ब्लॉक अध्यक्ष सुमेरसिंह महला, सोशल मीडिया प्रभारी मोहम्मद सलीम, मंडल अध्यक्ष ताराचंद सैनी, जिला प्रवक्ता संतोष सैनी, और अन्य नेता शामिल हुए।

संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा

कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में संविधान की रक्षा और बाबा साहब के आदर्शों की सुरक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि संविधान विरोधी मानसिकता रखने वालों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!