झुंझुनूं: जिले को नया जिला कलेक्टर मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अरुण गर्ग ने मंगलवार को झुंझुनूं के जिला कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पूर्व कलेक्टर रामावतार मीणा ने उन्हें विधिवत पदभार सौंपा। कलेक्टरेट परिसर में हुए इस औपचारिक समारोह में एडीएम अजय आर्य, एसडीएम हवा सिंह यादव और जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हारी भी मौजूद रहे। सभी ने नए कलेक्टर का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अरुण गर्ग ने कहा कि प्रशासन का पहला दायित्व आम नागरिक की समस्या को प्राथमिकता से सुनना और उसका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को ज़मीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना, पारदर्शिता के साथ जनकल्याण के कामों को गति देना और विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन की टीम के साथ तालमेल और समर्पण से झुंझुनूं को विकास की नई दिशा दी जा सकेगी।
अरुण गर्ग इससे पहले भू-प्रबंधन आयुक्त एवं पदेन निदेशक, बंदोबस्त के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने प्रशासन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और प्रभावी समन्वय को आवश्यक बताते हुए जिले की समग्र प्रगति के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।





