झुंझुनूं: पूर्व सैनिकों के लिए भर्ती रैली का आयोजन कल, 200 पदों पर होगी भर्ती

झुंझुनूं, 10 जुलाई: पूर्व सैनिकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के माध्यम से कल 11 जुलाई को भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली पूर्व सैनिकों के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज (जामनगर, गुजरात) में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। रैली का आयोजन झुंझुनूं में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर के निकट किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ (सेनि.) ने बताया कि इस भर्ती रैली के माध्यम से रिलायंस इंडस्ट्रीज में सिक्योरिटी गार्ड के 200 पदों के लिए पूर्व सैनिकों की भर्ती की जाएगी। यह नियुक्ति 26 दिन की ड्यूटी और आकर्षक वेतनमान 44,000 रुपये प्रति माह के आधार पर होगी। साथ ही रहने की सुविधा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।

रैली का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 10 बजे से होगा और यह शाम 3 बजे तक चलेगी। इच्छुक पूर्व सैनिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पर उपस्थित होकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।

यह प्रयास पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और उन्हें सम्मानजनक रोजगार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी योग्य पूर्व सैनिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!