झुंझुनूं: जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध मादक पदार्थ की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई की गई। इस अभियान में मुकुंदगढ़, पचेरी कलां, सूरजगढ़, मलसीसर और सिंघाना थाना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
मुकुंदगढ़ थाना – शांतिभंग में तीन युवक गिरफ्तार, लड़ाई-झगड़ा कर उत्पात मचाने पर कार्रवाई
मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने पर अनिल, पंकज कुमार और सुरेन्द्र उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। तीनों पर लड़ाई-झगड़ा कर उत्पात मचाने का आरोप है। आरोपियों में अनिल जांटवाली, पंकज कुमार पबाना और सुरेन्द्र उर्फ सोनू शिवराना का बास नरोदड़ा का निवासी है। पुलिस टीम का नेतृत्व ताराचंद ने किया, जिनके साथ जयपालसिंह, शिवप्रसाद और संजय कुमार शामिल रहे।
पचेरी कलां थाना – 345 ग्राम अवैध गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार, लाल मोटरसाइकिल पर लेकर घूम रहा था गांजा
पचेरीखुर्द स्थित शराब ठेके के पास मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 345 ग्राम अवैध गांजा और लाल रंग की मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी मोहनपुर, थाना सदर नारनौल, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) का निवासी है। पूछताछ में उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। बनवारीलाल के नेतृत्व में विक्रम सिंह, रणवीर सिंह, कमलेश और मनीष की टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
बाल वाहनों पर संयुक्त सख्ती – 51 की जांच, 19 पर कार्रवाई, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर एक वाहन जब्त
परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग और यातायात शाखा की संयुक्त टीम ने बाल वाहनों की विशेष जांच की। कुल 51 वाहनों की जांच में 31 सही पाए गए, जबकि 19 पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। एक वाहन को जब्त किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
सूरजगढ़ थाना – 4 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, दो मामलों में वांछित था रमेश कुमार
विशेष अभियान के तहत चार वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। वह दो प्रकरणों में वांछित था। कार्रवाई दौलतराम के नेतृत्व में विधाधर, केशव कुमार और मयंक कुमार सहित टीम ने की।
मलसीसर थाना – आर्म्स एक्ट में 5000 का इनामी अपराधी दस्तयाब, मेहाड़ा प्रकरण में वांछित था अंकित
मलसीसर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में 5000 रुपये के इनामी अपराधी अंकित मालि को दस्तयाब किया। वह मेहाड़ा थाना क्षेत्र के प्रकरण में वांछित था। अग्रिम अनुसंधान के लिए उसे खेतड़ी नगर थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया। डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में विजय कुमार, मुकेश कुमार और कृष्ण कुमार की टीम ने कार्रवाई की।
मोबाइल टावर चोरी मामले में दो और गिरफ्तार, दूरसंचार सेवा ठप करने का आरोप
मलसीसर में इंडस कंपनी के मोबाइल टावर से उपकरण चोरी मामले में आशीष पूनियां और युद्धबीर उर्फ जे.पी. को गिरफ्तार किया गया। इससे पूर्व तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार चोरी से दूरसंचार सेवा बाधित हुई थी। मामले में गहन अनुसंधान जारी है।
सिंघाना थाना – 6 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, 20 गांजा पौधे जब्त, शिव हनुमान मंदिर परिसर में उगाए गए थे पौधे
सिंघाना थाना पुलिस ने चोरी मामले में छह वर्षों से फरार स्थाई वारंटी जगदीश को गिरफ्तार किया। वहीं ग्राम ढाणा स्थित शिव हनुमान मंदिर परिसर से 20 गांजा के हरे पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 264 ग्राम है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
अपराधियों में हड़कंप, झुंझुनूं पुलिस की सख्त चेतावनी
झुंझुनूं पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थ, वारंटियों और संगठित चोरी गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





