झुंझुनूं: जिले में पुलिस ने अपराध, शराब तस्करी और महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए तीन बड़े ऑपरेशन अंजाम दिए। चिड़ावा सर्किल पुलिस और डीएसटी टीम ने हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के दो मामलों में मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा महिला सुरक्षा संकल्प डिकॉय अभियान के तहत 10 मनचलों को भी गिरफ्तार किया गया।

चिड़ावा में शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार, 47 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी विकास धींधवाल के नेतृत्व में गठित टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई है और उसके आगे एक बलेनो कार एस्कॉर्ट कर रही है।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक फरार होने लगे। पीछा करने पर क्रेटा चालक ने तेज रफ्तार में एक स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त होकर रुक गया। पुलिस ने मौके से रितिक पुत्र अजीत सिंह निवासी रावलधी, चरखी दादरी हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एस्कॉर्ट कर रही बलेनो कार को रोककर नवनीतिन पुत्र दीपक कुमार निवासी झांझडा श्योराण, भिवानी और मुकेश कुमार पुत्र रतन सिंह निवासी राजावास, महेन्द्रगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

क्रेटा गाड़ी की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की 47 पेटी हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ क्रेटा और बलेनो कार को जब्त कर लिया। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब इस शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में चिड़ावा, पिलानी और डीएसटी झुंझुनूं की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना संकलन और नाकाबंदी ऑपरेशन में सुरेश कुमार, प्रवीण कुमार, अम्बिका चौधरी, कैलाश चंद्र, चंद्रभान और शशिकांत सहित कई पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

मुकुंदगढ़ में पोक्सो के दो आरोपित 48 घंटे में गिरफ्तार
मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के दो अलग-अलग मामलों में तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर थानाधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहले मामले में पुलिस ने सचिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल निवासी कसेरु, थाना मुकुंदगढ़ को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे मामले में राहुल कुमार पुत्र स्वर्गीय बनवारीलाल मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 07 मुकुंदगढ़ मंडी को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में विकास कुमार, बाबूलाल और मुल्तानाराम सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने लगातार निगरानी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।

महिला सुरक्षा अभियान में 10 मनचलों पर कार्रवाई
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और निर्भया स्क्वॉड ने झुंझुनूं जिले में बड़े स्तर पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, बस स्टैंड, अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में सादा वेश में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

07 मई से 14 मई 2026 के बीच चलाए गए अभियान में महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करने वाले 10 मनचलों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
झुंझुनूं पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से आपात स्थिति में राजकॉप सिटीजन ऐप के SOS फीचर का उपयोग करने की अपील की है। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी संपर्क करने को कहा गया है।




