जयपुर में राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होंगे डॉ अनिल शर्मा ‘अनमोल’, बालिका शिक्षा और पर्यावरण में योगदान पर मिलेगा सम्मान

सूरजगढ़: शिक्षा जगत के लिए गर्व की खबर सामने आई है। पीएमश्री श्रीकृष्ण परिषद राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत प्रेरक व शिक्षक डॉ अनिल शर्मा ‘अनमोल’ को गणतंत्र दिवस 2026 पर जयपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान वाई वाई एस फाउंडेशन द्वारा दिया जाएगा, जो देशभर में सामाजिक और शैक्षणिक योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करता है।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर में होने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में डॉ अनिल अनमोल को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। स्कूल और क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें यह उपलब्धि हासिल होने जा रही है।

डॉ अनमोल लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने विभिन्न भामाशाह परिवारों को प्रेरित कर स्कूलों में संसाधन उपलब्ध करवाए, जिससे कई छात्राओं की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सकी।

शिक्षक डॉ अनमोल ने शिक्षा के साथ सामाजिक ज़िम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी है। वे लगातार वृक्षारोपण कराते हैं, स्कूलों और मोहल्लों में परिंडा लगाने के अभियान चलाते हैं और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

डॉ अनिल अनमोल सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र में भामाशाहों को प्रेरित कर जरूरतमंद परिवारों की सहायता करवाई, जिसके चलते कई परिवारों को आर्थिक और शैक्षणिक सहयोग मिला।

डॉ अनमोल के नाम पहले भी राज्यस्तरीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार दर्ज हैं। अब राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026 ने उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

Leave a comment

error: Content is protected !!