पिलानी: कस्बे में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर देखने को मिली। निजी कॉलेज के बाहर युवतियों से छींटाकशी कर रहे तीन युवकों को कालिका यूनिट की महिला कांस्टेबलों अनिता और मंजू ने साहस, सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके पर दबोच लिया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।

स्कूटी से पीछा कर बंद गली में दबोचा
बोलेरो में सवार युवकों का दोनों महिला कांस्टेबलों ने बिना देर किए स्कूटी से पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए युवक एक बंद गली में जा घुसे। यहां महिला कांस्टेबलों ने साहस दिखाते हुए बोलेरो के सामने अपनी स्कूटी लगा दी और तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया।

थाने में पूछताछ जारी, पुलिस कर रही कार्रवाई
इसके बाद तीनों युवकों को थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्र में महिला कांस्टेबलों की बहादुरी की हो रही सराहना
महिला सुरक्षा को लेकर कालिका यूनिट की तत्परता और महिला कांस्टेबलों की बहादुरी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है।




